भुजबल ने दिखाया बल, कैबिनेट में धमाकेदार इंट्री

Follow Us on :

स्थानीय चुनाव के लिए महत्वपूर्ण, ओबीसी चेहरे की जरूरत थी
मुंबई.
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता और विधायक छगन भुजबल ने मंगलवार को राजभवन में राज्य के कैबिनेट मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद जब दोबारा महायुति सरकार का गठन हुआ था, तब नए मंत्रिमंडल में भुजबल को जगह नहीं दी गयी थी। हालांकि, अब छह महीने बाद एक बार फिर भुजबल की मंत्रिमंडल में वापसी हुई है।

बन सकते हैं खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री
नाशिक जिले की येवला सीट से विधायक छगन भुजबल ओबीसी समुदाय के प्रमुख नेता माने जाते हैं। हाल ही में धनंजय मुंडे के मंत्री पद से इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में एक स्थान खाली हुआ था। इसलिए भुजबल को खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग मिलने की उम्मीद है, उन्होंने इससे पहले इस विभाग की जिम्मेदारी उद्धव ठाकरे और फिर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पिछली सरकारों में उठाई थी।

नाराजगी जाहिर की थी
मंत्री पद नहीं मिलने की वजह से भुजबल नाराज हो गए थे। आहत भुजबल ने पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी नाराजगी खुले तौर पर जाहिर की थी और कहा था कि पिछले साल विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के ओबीसी मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाने के बावजूद उन्हें दरकिनार कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने पार्टी के कई कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी, लेकिन पार्टी अध्यक्ष अजित पवार और कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने संगठनात्मक कार्यों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया। इसके अलावा, दो बार राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में उनके नामांकन पर विचार न किए जाने से भी वे नाराज थे।

एनसीपी को जरूरत थी
एनसीपी को मंत्रिमंडल में एक मजबूत और दमदार ओबीसी चेहरे की जरूरत थी, खासकर तब जब एक अन्य ओबीसी नेता धनंजय मुंडे को मार्च में राज्य विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बीड के सरपंच संतोष देशमुख की नृशंस हत्या के सिलसिले में इस्तीफा देना पड़ा था। मुंडे के पास खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग था और उनके जाने के बाद उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने इसे संभाला।

ओबीसी वर्ग के लिए बड़ी काट
भुजबल का फडणवीस कैबिनेट में शामिल होना एनसीपी के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, खासकर तब जब सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को चार महीने में स्थानीय और नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। मराठा आरक्षण समर्थक कार्यकर्ता मनोज जरांगे के खिलाफ एक बड़े संघर्ष में ओबीसी आरक्षण की सुरक्षा के लिए वे सबसे आगे रहे हैं। इसके अलावा, भुजबल जाति आधारित जनगणना के प्रबल समर्थक रहे हैं, जिसे केंद्र ने हाल ही में मंजूरी दी है।

News By

  • WH NEWS is an independent digital news platform committed to factual, balanced, and public-interest journalism across Maharashtra. We provide structured reporting on political developments, civic issues, social matters, cultural events, and government updates. Our aim is to present verified information with neutrality, transparency, and professional ethics. All content is published strictly for informational purposes. Views expressed by interviewees are their personal opinions. WH NEWS respects the Constitution of India, the rule of law, and the authority of courts and public institutions. WH NEWS operates independently without external control. Any financial support received is strictly voluntary and accepted only as goodwill support for journalism. No demand, solicitation, pressure, or conditional benefit is ever involved. Contributions are used solely for reporting, production, and operational expenses and never influence editorial decisions.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

यह भी पढ़िए