आरक्षण में उपवर्गीकरण के विरोध में 20 जून को नागपुर में विशाल महामोर्चा!
नागपुर, WH NEWS प्रतिनिधि: अनुसूचित जातियों के आरक्षण में उपवर्गीकरण के विरोध में महाराष्ट्र की 59 अनुसूचित जातियों के संयुक्त विदर्भ स्तरीय संगठन द्वारा 20 जून 2026 को नागपुर में विशाल महामोर्चे का आयोजन किया गया है। मोर्चा दोपहर 3 बजे दीक्षाभूमि से शुरू होकर जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाला जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि यह महामोर्चा अनुसूचित जातियों के आरक्षण में उपवर्गीकरण के विरोध तथा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। पोस्टर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, छत्रपति शिवाजी महाराज, राजर्षि शाहू महाराज और महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों से प्रेरित होकर समाज के सभी घटकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजकों का कहना है कि अनुसूचित जातियों के आरक्षण में किसी भी प्रकार का उपवर्गीकरण सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ है। इसी मुद्दे को लेकर सरकार तक समाज की आवाज पहुंचाने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है।
मोर्चे में विदर्भ सहित महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आयोजकों ने समाज के सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं तथा सामाजिक संगठनों से एकजुट होकर महामोर्चे में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
