9.7 C
London
Wednesday, February 11, 2026

सऊदी अरब में वर्क वीजा पर रोक

14 देशों के नाम शामिल, भारत ने दावे को किया खारिज
रियाद.
सऊदी अरब के 14 देशों के नागरिकों के वर्क वीजा पर अस्थायी रूप से रोक लगाने से जुड़ी रिपोर्ट्स को भारत सरकार ने खारिज कर दिया है। कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सऊदी ने भारत, पाकिस्तान समेत 14 देशों के वीजा पर 30 जून तक अस्थाई रोक लगा दी है। सऊदी सरकार के इस फैसले से जुड़ी ये रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई, जब देश में हज यात्रा चल रही है। इसने कई तरह की चिंताओं को जन्म दिया। भारत के लोग बड़ी संख्या में सऊदी में काम करते हैं, ऐसे में भारतीयों की चिंता विशेष तौर पर बढ़ गई।

अलग से कोई रोक नहीं
भारत के विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब की यात्रा करने वाले भारतीयों पर किसी तरह के प्रतिबंध की खबरों को गलत कहा है। मंत्रालय के सूत्रों ने कहा, ‘सऊदी सरकार के मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्रालय ने इस तरह की कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। हज सीजन के दौरान भीड़भाड़ को रोकने के लिए अल्पकालिक वीजा पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने की परंपरा रही है, जो हज के समापन के साथ समाप्त हो जाते हैं। भारतीयों के वर्क वीजा पर अलग से कोई रोक नहीं है।’

भारतीय कामगारों की चिंता बढ़ी थी
ऐसी रिपोर्ट सामने आई थी कि सऊदी ने भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नाइजीरिया, मिस्र, अल्जीरिया, सूडान, इथियोपिया, ट्यूनीशिया, इंडोनेशिया, इराक, जॉर्डन, यमन और मोरक्को के वर्क वीजा पर रोक लगाई है। ऐसे में इन देशों के लोगों के लिए सऊदी में कंपनियों को विदेशियों की भर्ती के लिए नए कोटा नहीं मिलेंगे। वहीं पहले से स्वीकृत आवंटन में भी देरी होगी। सऊदी अरब में भारतीय बड़ी तादाद में काम करने जाते हैं। ऐसे में भारतीय कामगारों की चिंता बढ़ गई थी।

इस समय हज यात्रा चल रही है
सऊदी अरब में इस समय हज यात्रा चल रही है। इस साल के हज के लिए भारत को 1,75,025 तीर्थयात्रियों का कोटा आवंटित किया गया है। भारतीय हज यात्री इस समय मक्का में हज के अपने अनुष्ठान पूरा कर रहे हैं। वहीं भारतीय कामगार भी अपना काम जारी रखे हुए हैं। मक्का के आसपास के इलाकों में हज के चलते कुछ नियम कड़े किए गए हैं, जो स्थानीय प्रशासन हर साल करता है।

- Advertisement -spot_imgspot_img
Latest news
- Advertisement -spot_img