3 साल से ज़्यादा समय बीत जाने के बावजूद युद्ध जारी
नई दिल्ली.
रूस और यूक्रेन के बीच शुरू हुआ युद्ध 3 साल से ज़्यादा समय बीत जाने के बावजूद भी जारी है। दोनों देशों के बीच यह युद्ध 24 फरवरी, 2022 को शुरू हुआ था और तब से अब तक इसका अंत नहीं हुआ है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद से अब तक का यह सबसे बड़ा युद्ध है, जो रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आदेश पर शुरू हुआ था। इस युद्ध की वजह से यूक्रेन में काफी तबाही मची है। यूक्रेन में इस युद्ध की वजह से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है और कई शहर तबाह हो गए हैं। हालांकि रूस को अभी अब तक इस युद्ध में जीत हासिल नहीं हुई है और रूसी सेना के भी कई सैनिक जंग में मारे गए हैं।
कत्लेआम को बढ़ाना सही नहीं
दोनों देशों के बीच जब से युद्ध शुरू हुआ है, तभी से दुनिया भर के देश इसे रोकने की मांग कर रहे हैं। अब इस मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। ज़ेलेन्स्की रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मिलने के लिए तैयार हैं। ज़ेलेन्स्की ने कहा, “कत्लेआम को बढ़ाना सही नहीं है और मैं गुरुवार को तुर्की में पुतिन से मिलने का इंतज़ार कर रहा हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि इस बार रूसी कोई बहाना नहीं बनाएंगे।
ट्रंप ने बताया ज़रूरी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच शांति संभव है या नहीं, इसका फैसला करने के लिए पुतिन और ज़ेलेन्स्की के बीच सीधी बातचीत ज़रूरी है। हालांकि क्रेमलिन की तरफ से फिलहाल इस विषय में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आखिरी बार रूस-यूक्रेन युद्ध के विषय में दोनों पक्षों के बीच मार्च, 2022 में आमने-सामने की बातचीत हुई थी। यह बातचीत युद्ध शुरू होने के करीब एक महीने के भीतर ही हुई थी। उसके बाद से दोनों पक्षों के बीच आमने-सामने की बातचीत नहीं हुई है।
Leave a Reply