संविधान राजनीतिक एजेंडा नहीं, सामाजिक न्याय का साधन है

Follow Us on :

सुप्रीम कोर्ट जज जस्टिस बीआर गवई ने कहा
नई दिल्ली.
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ जज जस्टिस बीआर गवई ने कहा है कि बाबा साहेब आंबेडकर बहुमत की इच्छा से बार-बार संविधान संशोधन के खिलाफ थे। उन्होंने संसद को संविधान में उदारतापूर्वक संशोधन करने की अनुमति देने के खतरों से चेताते हुए कहा था कि संविधान एक निरंतर विकसित होने वाला दस्तावेज बना रहे, लेकिन इसका इस्तेमाल राजनीतिक दलों द्वारा अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए नहीं किया जा सकता। डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर (डीएआईसी) द्वारा आयोजित प्रथम डॉ. आंबेडकर स्मारक व्याख्यान में बोलते हुए जस्टिस गवई ने इस बात पर जोर दिया कि अंबेडकर समाज के विकास को महिलाओं के साथ व्यवहार के आधार पर देखते थे।

संविधान मूल मूल्यों से चले
अगले माह देश के प्रधान न्यायाधीश बनने वाले जस्टिस गवई डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र (डीएआईसी) की ओर से आयोजित प्रथम डॉ. आंबेडकर स्मारक व्याख्यान में बोल रहे थे। उन्होंने डॉ.आंबेडकर के हवाले से कहा कि बदलती जरूरतों के अनुरूप प्रावधान करना आवश्यक है, फिर भी संविधान में बहुमत की इच्छानुसार संशोधन की अनुमति नहीं दी जा सकती।

महिलाएं दलितों से भी अधिक प्रताड़ित
जस्टिस गवई ने कहा कि बाबा साहेब समाज के विकास को महिलाओं के साथ व्यवहार के आधार पर देखते थे। वे कहते थे कि इस देश में महिलाएं दलितों से भी अधिक प्रताड़ित हैं इसलिए उनका उत्थान भी एक बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश में महिला प्रधानमंत्री रही हैं और अजा-जजा-ओबीसी वर्ग के सैकड़ों अधिकारी हैं।

आंबेडकर और संविधान की वजह से मैं खुद यहां
देश में दलित चीफ जस्टिस केजी. बालाकृष्णन रहे हैं और अभी ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं, जो पिछड़े वर्ग की साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं और यह कहने में गर्व महसूस करते हैं कि देश के संविधान के कारण पीएम बने। जस्टिस गवई ने कहा कि वह खुद भी केवल डॉ. आंबेडकर और संविधान की वजह से यहां हैं। उन्होंने अन्य नेताओं और विचारकों का भी उल्लेख किया, जैसे कि दो राष्ट्रपति- के आर नारायणन और राम नाथ कोविंद जो अनुसूचित जाति से थे। इसके अलावा देश की दो महिला राष्ट्रपति- प्रतिभा पाटिल और द्रौपदी मुर्मू भी अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं। डॉ आंबेडकर की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए न्यायमूर्ति गवई ने कहा कि देश तमाम आंतरिक और बाहरी चुनौतियों के बावजूद एकजुट बना हुआ है। 17 दिसंबर 1946, 4 नवंबर 1948 और 25 नवंबर 1949 को दिए गए उनके भाषणों का जिक्र करते हुए जस्टिस गवई ने आंबेडकर को ‘महान दूरदर्शी’ बताया।

News By

  • WH NEWS is an independent digital news platform committed to factual, balanced, and public-interest journalism across Maharashtra. We provide structured reporting on political developments, civic issues, social matters, cultural events, and government updates. Our aim is to present verified information with neutrality, transparency, and professional ethics. All content is published strictly for informational purposes. Views expressed by interviewees are their personal opinions. WH NEWS respects the Constitution of India, the rule of law, and the authority of courts and public institutions. WH NEWS operates independently without external control. Any financial support received is strictly voluntary and accepted only as goodwill support for journalism. No demand, solicitation, pressure, or conditional benefit is ever involved. Contributions are used solely for reporting, production, and operational expenses and never influence editorial decisions.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

यह भी पढ़िए