महाराजबाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
नागपुर.
नागपुर के महाराजबाग चिड़ियाघर में एक व्यक्ति 18 फीट ऊंची जाली फांदकर बाघ के पिंजरे में घुस गया। गनीमत रही कि उस समय बाघ अपने नाइट शेल्टर में बंद था। सुबह 7:30 बजे की बात है। चिड़ियाघर के कर्मचारी हरिभाऊ तीरमले ने इस नजारे को देखा। आवाक रह गया। तुरंत अधिकारियों को सूचित किया। व्यवस्थापक डॉ. सुनील बाविस्कर ने वन विभाग और सीताबर्डी पुलिस को बुलाया। पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।
नाइट शेल्टर में था बाघ
पूछताछ में पता चला कि व्यक्ति ने न केवल 18 फीट ऊंची जाली पर चढ़ाई की, बल्कि पेड़ों का सहारा लेकर पिंजरे के उस हिस्से में उतर गया, जहां बाघों को रखा जाता है। गनीमत रहा कि उस समय बाघ अपने नाइट शेल्टर में बंद था। बाहर होता तो परिणाम भयावह हो सकता था। यह घटना चिड़ियाघर प्रशासन की गंभीर चूक मानी जा रही है। बिना टिकट के प्रवेश और फिर सीधे खतरनाक जानवरों के बाड़े तक शख्स का पहुंचना दिखाता है कि मौजूदा सुरक्षा उपाय पर्याप्त नहीं हैं। चिड़ियाघर प्रशासन को न केवल जालियों की ऊँचाई और मज़बूती पर ध्यान देना चाहिए, बल्कि सीसीटीवी निगरानी, गश्त और कर्मचारियों की सतर्कता को भी बढ़ाना चाहिए।
Leave a Reply