भाजपा विधायक पर ईसाई समुदाय का फूटा गुस्सा

0
1
Christian community erupted in anger against BJP MLA

पादरियों की पिटाई पर किया था नगद इनाम का ऐलान

मुंबई.

महाराष्ट्र के जालना जिले में ईसाई समुदाय के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी के विधायक गोपीचंद पडलकर के खिलाफ एक विरोध रैली निकाली। रैली में प्रदर्शनकारियों ने पडलकर की आलोचना की और उनकी कथित टिप्पणी की निंदा की, जिसमें धर्म परिवर्तन के लिए गांवों में जाने वाले पादरियों की पिटाई करने पर इनाम का ऐलान किया गया था।

 

पूरा मामला यह है

कुछ दिन पहले सांगली जिले में एक दुखद घटना सामने आई थी, जिसमें एक गर्भवती महिला ने आत्महत्या कर ली थी। आरोप है कि पीड़िता को ईसाई धर्म अपनाने और दहेज के लिए उसके ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। इस घटना के बाद से लोगों में नाराजगी और भारी आक्रोश है। इसी घटना को लेकर बीजेपी विधायक गोपीचंद पडलकर ने पादरियों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

 

प्रदर्शनकारियों की मांग

यह विरोध रैली जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाली गई। इस दौरान वहां पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। रैली में उपस्थित प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सांगली जिले के जाट निर्वाचन क्षेत्र से विधायक पडलकर को विधान परिषद से तत्काल निष्कासित किया जाए और उनके खिलाफ हिंसा भड़काने और नफरत फैलाने के लिए केस दर्ज किया जाए। गौरतलब हो कि पीड़िता रितुजा राजगे (28) चार महीने की गर्भवती थी और चार साल पहले उसकी शादी मर्चेंट नेवी में काम करने वाले सुकुमार राजगे से हुई थी। रितुजा ने कथित तौर पर 6 जून को कुपवाड़ शहर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here