जरीपटका चौक बना जाम का जाल, ट्रैफिक पुलिस नदारद — जनता ने संभाली कमान
नागपुर WH NEWS : शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल जरीपटका चौक सोमवार शाम एक बार फिर भारी यातायात जाम की चपेट में आ गया। शाम करीब 8:45 बजे हालात इतने बिगड़ गए कि चारों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि मौके पर ट्रैफिक पुलिस का कोई अता-पता नहीं था।

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के मुताबिक, जाम के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी की मौजूदगी नहीं दिखी। हालात बिगड़ते देख “WH News” की टीम ने तत्काल डीसीपी लोहीत मतानी को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। डीसीपी ने पुलिस भेजने का आश्वासन तो दिया, लेकिन काफी देर तक कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आखिरकार आम नागरिकों को खुद ही ट्रैफिक संभालने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। वाहन चालकों ने मिलकर जाम खुलवाने की कोशिश की और किसी तरह यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया।
चौंकाने वाली बात यह भी रही कि यह पूरा घटनाक्रम पुलिस स्टेशन के सामने ही चलता रहा, लेकिन बावजूद इसके पुलिस की कोई सक्रियता नजर नहीं आई।
सवाल खड़े होते हैं:
क्या ट्रैफिक पुलिस सिर्फ नाम के लिए है?
क्या जनता को अब खुद ही कानून व्यवस्था संभालनी पड़ेगी?
जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी?
शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच इस तरह की लापरवाही कहीं बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाता है या नहीं ।
