वर्धमान नगर में अत्याधुनिक “स्मार्ट पुलिस चौकी” का उद्घाटन

Follow Us on :

वर्धमान नगर में अत्याधुनिक “स्मार्ट पुलिस चौकी” का उद्घाटन
नागपुर, 15 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागपुर शहर के लकड़गंज पुलिस थाना क्षेत्र के वर्धमान नगर बीट क्रमांक 01 में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित “स्मार्ट पुलिस चौकी” का उद्घाटन आज नागपुर जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के हाथों किया गया। यह चौकी वल्लभभाई पटेल के नाम से कच्ची विसा परिसर में स्थापित की गई है।


कार्यक्रम में पूर्व नागपुर के विधायक कृष्णा खोपड़े, नागपुर की महापौर नीता ठाकरे, उपमहापौर, पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, सह पुलिस आयुक्त नवीन चंद्र रेड्डी, उत्तर विभाग की पुलिस उपायुक्त विनीता साहू, मनपा आयुक्त विपीन इटनकर, परिमंडल क्रमांक 03 के पुलिस उपायुक्त राहुल मदने, सहायक पुलिस आयुक्त लकड़गंज विभाग शिवप्रसाद पारवे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद कवाडे, अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक मनोज चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


स्मार्ट पुलिस चौकी की स्थापना में नरेंद्र उर्फ बाल्या बोरकर का विशेष सहयोग रहा। साथ ही विधायक कृष्णा खोपड़े के सहयोग से नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चौकी को आधुनिक स्वरूप दिया गया है।
चौकी में CCTNS प्रणाली शुरू की जाएगी। यहां नागरिकों की शिकायतें स्वीकार करने, उनकी ऑनलाइन नोंद करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की सुविधा होगी। चौकी में कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।


परिसर में कुल 8 CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिससे महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखने में मदद मिलेगी। आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संपर्क सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
नागरिकों के लिए स्वच्छतागृह, बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी की सुविधा तथा स्वच्छ एवं सुशोभित परिसर तैयार किया गया है। परिसर में वृक्षारोपण एवं प्लांटेशन कर चौकी को पर्यावरणपूरक और आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
वर्धमान नगर, कच्ची विसा और आसपास के नागरिकों को त्वरित, प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित पुलिस सेवा उपलब्ध कराना स्मार्ट पुलिस चौकी का प्रमुख उद्देश्य है। इसके माध्यम से अपराध प्रतिबंध, नियमित गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों पर CCTV निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई तथा नागरिकों की शिकायतों पर शीघ्र कार्यवाही पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्मार्ट पुलिस चौकी के माध्यम से पुलिस और नागरिकों के बीच समन्वय मजबूत होने की उम्मीद है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने में यह चौकी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

News By

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

यह भी पढ़िए