दिल्ली नीट आंदोलन के समर्थन में वाड़ी में धरना प्रदर्शन • सामाजिक समता मंच ने विभिन्न मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। • इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को अनिवार्य नहीं, बल्कि वैकल्पिक करने की मांग।

Follow Us on :

दिल्ली नीट आंदोलन के समर्थन में वाड़ी में धरना प्रदर्शन
• सामाजिक समता मंच ने विभिन्न मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
• इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को अनिवार्य नहीं, बल्कि वैकल्पिक करने की मांग।
वाड़ी WH NEWS : दिल्ली में नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामले, देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ कथित अमानवीय व्यवहार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे ऐतिहासिक छात्र आंदोलन के समर्थन में बुधवार को दत्तवाड़ी स्थित सामाजिक समता मंच कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया गया।
यह आंदोलन सामाजिक समता मंच के अध्यक्ष एड. राहुल सोनटक्के, सचिव अरविंद बडगे एवं कार्याध्यक्ष सचिन ढोके के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

आंदोलन में शामिल पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने विभिन्न मांगों से जुड़े तख्तियां हाथों में लेकर सरकार, प्रशासन और आम जनता का ध्यान आकर्षित किया।
वक्ताओं ने कहा कि नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हुआ है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। इस घटना से देशभर के विद्यार्थियों और अभिभावकों में गहरी चिंता एवं असंतोष का माहौल है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर कानून बनाए जाएं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, इस प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी व्यक्त की।

इस अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को अनिवार्य किए जाने पर भी चिंता व्यक्त की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण वाहनों में खराबी आने की शिकायतें बढ़ रही हैं। इसलिए इसे अनिवार्य करने के बजाय वैकल्पिक (ऑप्शनल) किया जाए तथा यदि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण वाहन को नुकसान होता है तो वाहन मालिकों को उचित मुआवजा दिया जाए।
आंदोलन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन वाड़ी पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक के माध्यम से सौंपा गया, जिसमें सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।

धरना प्रदर्शन में सामाजिक समता मंच के पदाधिकारी मिलिंद गाणार, सूरज चोखांद्रे, विजय शेंडे, दिगंबर दरवडे, विकास तभाने, सुरेश सुखदेवे, विक्रांत सांगोळे सहित नागरिक प्रतिनिधि एवं श्रमिक नेता दिलीप बिरे, अनिल बजाइत, बंसीलाल साकुरे, मेघराज कांबळे, अभय सरकटे, अजय देशमुख, अनिल डोमकुंडवार, अनीता देशभ्रतार, बिपीन टेम्भूरणे, महेंद्र भांगे तथा अन्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

News By

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

यह भी पढ़िए