11 वर्षों की सांगठनिक तपस्या का मिला प्रतिफल, प्रशांत सिंह कश्यप बने भाजपा युवा मोर्चा नागपुर जिला उपाध्यक्ष
नागपुर WH NEWS : भारतीय जनता पार्टी ने लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे युवा कार्यकर्ता प्रशांत सिंह कश्यप को भाजपा युवा मोर्चा, नागपुर जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति पिछले 11 वर्षों की सांगठनिक निष्ठा, समर्पण और निरंतर सक्रियता का परिणाम मानी जा रही है।
प्रशांत सिंह कश्यप ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शाखा से की। संघ के संस्कारों से प्रेरित होकर उन्होंने राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया और नियमित शाखा के साथ संघ के विभिन्न प्रशिक्षण वर्गों में सहभागिता की।
इसके बाद वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े और कॉलेज सदस्य से लेकर कॉलेज प्रमुख, भाग सदस्य, पश्चिम नागपुर मंत्री तथा महानगर महाविद्यालय प्रमुख जैसे विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। संगठन ने उनकी कार्यशैली को देखते हुए उन्हें मुंबई में विस्तारक तथा बाद में बुटीबोरी क्षेत्र में विस्तार कार्य की जिम्मेदारी भी सौंपी।
विद्यार्थी परिषद में सक्रिय भूमिका के बाद उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा में कार्य प्रारंभ किया। यहां उन्हें पहले विद्यार्थी सह-प्रमुख और बाद में नागपुर विद्यार्थी जिला प्रमुख का दायित्व मिला। संगठन में लगातार सक्रिय योगदान और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए अब उन्हें भाजपा युवा मोर्चा नागपुर जिला उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ उनका संघ से जुड़ाव भी लगातार बना रहा। उन्होंने वरिष्ठों की अनुमति से चिखली में प्रथम वर्ष संघ शिक्षा वर्ग भी पूर्ण किया तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाया।
नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रशांत सिंह कश्यप ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा जताए गए विश्वास पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद व्यक्त किया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
उनकी नियुक्ति पर भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
