आंबेडकर जन्मशताब्दी चौक पर बनेगी भव्य म्युरल वॉल आर्ट, नगरसेवक केतन ठाकरे ने दिया आश्वासन!
– नगरसेवक निधि से चौक के सौंदर्यीकरण के लिए करेंगे पहल!
नागपुर WH NEWS : दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में छत्रपति चौक से मानेवाड़ा चौक मार्ग पर स्थित ‘परम पूज्य भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जन्मशताब्दी चौक’ के सौंदर्यीकरण की मांग नागरिकों ने उठाई है। इस चौक पर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का भव्य एवं आकर्षक म्युरल वॉल आर्ट (दीवार पर कलाकृति) स्थापित करने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पंकज थोरात के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगरसेवक केतन विकास ठाकरे को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि नागपुर महानगरपालिका द्वारा इस चौक को आधिकारिक रूप से ‘परम पूज्य डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जन्मशताब्दी चौक’ नाम दिया गया है। महानगरपालिका और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभिलेखों में भी इसकी आधिकारिक दर्ज है। सामाजिक, शैक्षणिक और संविधानवादी आंदोलन की दृष्टि से इस चौक का विशेष महत्व है। यहां फुले-शाहू-आंबेडकर विचारधारा से जुड़े कार्यक्रम, संविधान दिवस, जयंती और विभिन्न सामाजिक आयोजन होते हैं।
इसके बावजूद वर्तमान में चौक पर लोहे के एंगल पर फ्लेक्स लगाकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की तस्वीर प्रदर्शित की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि चौक के ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व को देखते हुए यहां स्थायी एवं आकर्षक सौंदर्यीकरण किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि नगरसेवक केतन ठाकरे अपने नगरसेवक निधि से चौक पर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का भव्य म्युरल वॉल आर्ट स्थापित करने के लिए निधि उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही चौक का सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग, हरियाली और आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास करने के लिए महानगरपालिका के संबंधित विभागों से भी पहल करें।
इस मांग पर नगरसेवक केतन ठाकरे ने चौक के सौंदर्यीकरण और भव्य म्युरल वॉल आर्ट स्थापित करने के लिए पहल करने का आश्वासन दिया।
इस प्रतिनिधिमंडल में सामाजिक कार्यकर्ता पंकज यादवराव थोरात के साथ पत्रकार संतोष तायडे, सोनू मंडपे, दिलीप बेलिया, अभिषेक शेळके, शशांक कांबळे, गणेश बागडे, अमित झाड़े, योगेश, शुभम तेलरांधे, राजेश बागेश्वर, हंसराज उफाडे, प्रदीप शंभरकर, स्नेहल बागडे सहित अन्य नागरिकों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
अब नागरिकों की नजर इस बात पर है कि नगरसेवक निधि और महानगरपालिका के माध्यम से इस मांग को कब तक अमलीजामा पहनाया जाता है।
