लकड़गंज पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाया हत्या का मामला
– तीन आरोपी हिरासत में; यूनिट क्रमांक-3 और लकड़गंज पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
नागपुर WH NEWS । नागपुर शहर के लकड़गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत 22 जून 2026 की सुबह मालधक्का परिसर, इतवारी रेलवे स्टेशन के समीप एक सुनसान स्थान पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से गंभीर वार किए गए थे। सूचना मिलते ही लकड़गंज पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की।

मृतक की पहचान के लिए आसपास के लगभग 50 से 60 मजदूरों और स्थानीय नागरिकों से पूछताछ की गई, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद नागपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा विकसित SIMBA (Smart Investigation Management Based Application) का उपयोग किया गया। मृतक का फोटो ऐप में अपलोड कर खोजबीन की गई, जिससे उसकी पहचान अब्दुल रहीम उर्फ रम्यु (38 वर्ष), निवासी शांतिनगर, नागपुर के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को बुलाकर पहचान की पुष्टि की गई।
जांच के दौरान परिजनों ने परशेवर उर्फ ईश्वर उर्फ पेलू उर्फ पप्पू, संतोष पटेल तथा उनके अन्य साथियों पर संदेह जताया। इसके आधार पर लकड़गंज पुलिस और अपराध शाखा यूनिट क्रमांक-3 ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे के परिचित थे तथा चोरी और घरफोड़ियों से जुड़े मामलों में शामिल रहे थे। आरोपियों को शक था कि मृतक उनकी अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दे रहा है। इसी संदेह के चलते आरोपियों ने साजिश रचकर उसे मालधक्का क्षेत्र में बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार तथा अन्य साक्ष्य जब्त करने की कार्रवाई जारी है। मामले की आगे की जांच लकड़गंज पुलिस कर रही है।
इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा बेहद कम समय में कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की यह उल्लेखनीय कार्रवाई पुलिस आयुक्त नागपुर शहर के मार्गदर्शन में, सहायक पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उत्तर विभाग), पुलिस उपायुक्त परिमंडल क्रमांक-3, सहायक पुलिस आयुक्त लकड़गंज विभाग, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लकड़गंज, क्राइम ब्रांच यूनिट क्रमांक-3 तथा जांच टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से अंजाम दी।
नागपुर पुलिस की तकनीकी जांच, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के कारण यह हत्या का मामला कुछ ही घंटों में सुलझाया.
