गुंजन सभागृह में नागपुर मंडल द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया

 

गुंजन सभागृह में नागपुर मंडल द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया

नागपूर WH NEWS – मध्य रेल के नागपुर मंडल में 13 मार्च 2026 को गुंजन सभागृह में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन मंडल के कल्याण अनुभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण समिति के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करना तथा उन्हें विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना था।


कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री विनायक गर्ग, मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष श्रीमती दीपा गर्ग तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती सांझी जैन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर श्रीमती दीपा गर्ग ने अपने अनुभव साझा करते हुए महिला रेलकर्मियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान नागपुर मंडल के विभिन्न विभागों की 78 उत्कृष्ट रेलकर्मियों को उनकी समर्पित सेवाओं एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त महिला दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता महिला कर्मचारियों को “सशक्त नारी पुरस्कार” से भी सम्मानित किया गया। इन प्रतियोगिताओं में खेलकूद, रंगोली निर्माण तथा फायरलेस कुकिंग जैसी गतिविधियाँ शामिल थीं, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, उत्साह और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री विनायक गर्ग ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भारतीय रेल में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा उनके बहुमूल्य योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विजय द्विवेदी, फिजियोलॉजिस्ट ने महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर एक प्रेरक एवं जानकारीपूर्ण व्याख्यान दिया। उन्होंने कार्य और पारिवारिक जीवन के बीच संतुलन बनाए रखते हुए मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
यह समारोह महिला सशक्तिकरण, सम्मान और प्रोत्साहन की भावना को प्रदर्शित करता है तथा रेलवे परिवार की महिला कर्मचारियों के योगदान को रेखांकित करता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। धन्यवाद ज्ञापन ए पी ओ श्री मणिमारन एल. द्वारा प्रस्तुत किया गया।

ताजा अपडेट