पटना.
बिहार में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली लगने से मौत हो गई। दरअसल, पानी की बात को लेकर विवाद हो गया और भाई-भाई में गोली चल गई। घटना में एक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। पूरी घटना भागलपुर के नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतपुर की है।
पानी को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक दो भाइयों विश्वजीत और जयजीत के बीच पानी को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हो गई। इस घटना में विश्वजीत की मौत हो गई और जयजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बीच-बचाव करने आई मां हिना देवी भी घायल हो गई। हिना देवी के हाथ में गोली लगी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएचओ मौके पर पहुंचे। दोनों भाइयों की मां को भी गोली लगने की सूचना है। उनका भी इलाज जारी है।
मां भी घायल, इलाज जारी
बता दें कि विश्वजीत और जयजीत दोनों एक ही मकान में रहते थे। विश्वजीत बड़ा और जयजीत छोटा था। विवाद बढ़ने पर जयजीत ने विश्वजीत पर फायरिंग कर दी, इसके जवाब में विश्वजीत ने भी फायरिंग कर दी। घटना में दोनों घायल घायल हो गए। हालांकि अस्पताल ले जाते समय विश्वजीत ने दम तोड़ दिया। घायल जयजीत और हिना देवी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस छानबीन में जुट गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को भी खंगाला जा रहा है।